हरियाणा के कैथल के गांव जाखौली में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम में महिला व बाल विकास राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी योगेश को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उपमंडल अधिकारी के गैर हाजिर रहने पर की गई। गौरतलब है जाखौली गांव में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा जनसंवाद कार्यक्रम मौके एसडीओ योगेश कुमार मौजूद नहीं थे।
यहां पर बिजली से संबंधित शिकायत अधिक संख्या में ग्रामीणों की तरफ से की गई थी, लेकिन इनका मौके पर निपटारा नहीं हुआ। इसके चलते ही राज्यमंत्री गुस्सा गई और उन्होंने मौके पर ही उपायुक्त प्रशांत पंवार को फोन कर एसडीओ को निलंबित करने के निर्देश जारी किए।
राज्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा आमजन के हितों के लिए अनेकों योजनाएं लागू की गई है। बिजली निगम की जगमग योजना के तहत गांव में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति दी जा रही है। सरकार का मुख्य ध्येय है कि प्रत्येक जरूरतमंद को किसी न किसी योजना से लाभान्वित किया जाए और उसी दिशा में निरंतर कार्य चल रहा है। ऐसे में अधिकारियाें की तरफ से ग्रामीणों के प्रति गैर जिम्मेदार रवैये को वे बिल्कुल भी सहन नहीं करती हैं।
उधर, निलंबित किए एसडीओ योगेश कुमार का कहना है वे छुट्टी पर गए हुए हैं। ऐसे में निगम के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई है। उनके स्थान पर दूसरे एसडीओ को प्रभार सौंपा गया है। पूंडरी बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता सोमबीर भलोठिया ने कहा कि उन्हें इस मामले की सूचना तो मिली है, लेकिन पूरा मामला क्या। इसकी पूरी जानकारी नहीं है।