कैथल। विदेश में रहने वाले परिचित बनकर 23 लाख रुपये हड़पने वाले मुख्य आरोपी नोएडा निवासी साकिव मोहम्मद को पुलिस ने काबू कर लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके। पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि चीका निवासी संतोख ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उसने बताया था कि उसे मई 2023 में एक विदेशी नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को उसके साले का बेटा मनजीत बताकर विश्वास जीत लिया। भावनात्मक तरीके से बात करते हुए आरोपी ने कागजात बनवाने और अन्य जरूरतों का हवाला देकर पैसे मांगे। शिकायतकर्ता आरोपी के झांसे में आ गया और अलग-अलग बहानों जैसे कागजात, बीमारी, एक्सीडेंट, जुर्माना और अदालत केस के नाम पर बार-बार पैसे भेजता रहा। आरोपियों ने पुलिस और जज को पैसे देने का डर दिखाकर भी रकम ऐंठी।
इस तरह कुल 23 लाख रुपये ठग लिए गए। बाद में जब संतोख ने अपने साले से संपर्क किया तो पता चला कि मनजीत पूरी तरह सुरक्षित है और उसने कोई पैसे नहीं मांगे। तब जाकर ठगी का खुलासा हुआ और साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान पुलिस ने इससे पहले पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। साकिव मोहम्मद इस गिरोह का अहम सदस्य है, जिसने अपने बैंक खातों को ठगी के लिए इस्तेमाल करने दिया।