28-पूंडरी। पूंडरी में गंदे पानी से गुजरती छात्राएं।
- फोटो : Kaithal
पूंडरी। बारिश से राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूंडरी के मुख्य गेट के सामने लगभग 100 मीटर तक सड़क पर कई-कई फीट गंदा पानी जमा है। जलभराव के परेशान स्कूल के बच्चों का कहना है कि स्कूल पहुंचने के लिए उन्हें यह ‘पूल’ पार करना पड़ता है।
गौरतलब है कि इस स्कूल में 40 से ज्यादा अध्यापक पढ़ाते हैं और एक हजार से ज्यादा बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं लेकिन नगरपालिका पूंडरी की अनदेखी के चलते बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए गंदे पानी से गुजरने के लिए विवश होना पड़ रहा है। यह स्कूल पूंडरी हलके के सबसे बड़े व सबसे पुराने स्कूलों में यह शुमार है।
कस्बावासियों का कहना है कि ग्रीष्म अवकाश के बाद बच्चों को विद्या के मंदिर में प्रवेश से पहले गंदे पानी से गुजरने को विवश होना पड़ा। छात्राओं का कहना है कि इससे उनकी ड्रेस तक खराब हो जाती है। इस कारण उन्हें गीले कपड़ों में ही वापस घर आना पड़ा। छात्राओं ने पानी निकासी व सफाई करवाने की मांग की है। इस संबंध में नगरपालिका पूंडरी के सचिव राजा राम ने कहा कि जल्द ही स्कूल के सामने सफाई व निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाया जाएगा।