Highway jam done for army recruitment
- फोटो : Kaithal
(कैथल) कलायत। चंडीगढ़-हिसार राष्ट्रीय मार्ग पर स्थित गांव शिमला में रविवार को युवाओं ने सेना में भर्ती की मांग को लेकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही कलायत थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कानून-व्यवस्था को कायम रखते हुए युवाओं से अपना पक्ष रखने की अपील की। इसके मद्देनजर युवाओं ने मुख्य मार्ग पर लगाए गए जाम को हटा लिया। इसके बाद तहसीलदार प्रदीप कुमार के माध्यम से बेरोजगार युवाओं ने विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें भारतीय सेना में तीन वर्षों से बंद भर्ती को खोलने की मांग की गई।
समाज सेवी सलिंद्र प्रताप राणा, सुमित कुमार, अभिषेक कुमार, रोक्की, मोहित, निखिल, राहुल, शाहिल, अजय, विक्की, गोलू, कार्तिक और क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए युवाओं ने कहा कि बड़ी संख्या में प्रदेश में युवा सुरक्षा बलों में नियुक्ति के लिए तैयारी कर रहे हैं। अनेक युवा भर्ती के इंतजार में आयु सीमा पूरी कर चुके हैं। जिस कारण उनका सेना में जाने का सपना टूट रहा है। युवा आत्महत्या करने पर मजबूर हैं। वहीं युवा भर्ती न होने पर रोजगार न मिलने पर नशे जैसी बुराइयों में फंस रहे हैं। युवाओं ने कहा कि सरकार जल्द से जल्द सेना में भर्ती करे। साथ ही जो युवा आयु सीमा पूरी कर चुके हैं, उन्हें आगामी भर्ती में छूट प्रदान करे।