कैथल से धार्मिक संप्रदायों के बीच दंगे भड़काने के प्रयास और भय का माहौल बनाने का मामला सामने आया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं, शिकायतकर्ता ने बताया है कि आरोपी की धार्मिक भावनाओं को भड़काने से संबंधित पोस्ट ट्विटर पर वायरल हुई थी।
मेवात में हुए सांप्रदायिक दंगों की आंच कैथल तक पहुंच गई। धार्मिक संप्रदायों के बीच दंगे भड़काने के प्रयास और भय का माहौल पैदा करने के आरोप में पुलिस ने कैथल में एक भगवाधारी व्यक्ति पर केस दर्ज किया है। आरोपी की धार्मिक भावनाओं को भड़काने से संबंधित पोस्ट ट्विटर पर वायरल हुई थी। उसने जवाहर पार्क में अपने भाषण में यह विवादित बयान दिया था। थाना शहर पुलिस के ईएचसी विक्रम सिंह की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
पुलिस को मिली की शिकायत के अनुसार
विक्रम सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि वह शहर थाना में कार्यरत है। दो-तीन व्यक्तियों ने उसे सूचना दी कि भगवादारी एक व्यक्ति की दो अगस्त को जवाहर पार्क कैथल में मेवात दंगों को लेकर धार्मिक भावनाओं को भड़काने से संबंधित एक पोस्ट ट्विटर पर वायरल हो रही है। उसने अपने मोबाइल से ट्विटर पोस्ट खोलकर चैक की तो भगवादारी व्यक्ति ने मेवात दंगों को लेकर जवाहर पार्क कैथल में भाषण दिया। आरोपी बोल रहा है कि आज तैयारी कर खुद लड़ो, लाठी, बल, भाले, बंदूक, बरछे और कुछ नहीं है तो थैले में पत्थर डालकर लेकर चलो। झंडे लेकर मत चलो, झंडा एक ही बहुत है, हथियार लेकर चलो।
विक्रम सिंह ने सूचना देने वाले उन तीनों व्यक्तियो को भगवादारी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत देने को कहा तो वे तीनों अपनी मजबूरी जाहिर करते हए वहां से चले गए। भगवादारी व्यक्ति ने जवाहर पार्क कैथल में विशेष समुदाय को लेकर विवादित भाषण देकर दोनों संप्रदायों को भड़काने व समाज में भय पैदा किया है। जांच अधिकारी बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।