हरियाणा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने सोमवार को कैथल में कोयल टूरिज्म कॉम्पेलक्स में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनिल शोरेवाला सहित अन्य नेताओं ने बुके देकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल पर जुबानी हमला बोला।
प्रदेशाध्यक्ष उदय भान ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जनसंवाद कार्यक्रम पर बोलते हुए कहा कि यह जनसंवाद नहीं बल्कि जन अपमान कार्यक्रम हो रहा है। उदय भान ने कहा कि आज हरियाणा प्रदेश में गठबंधन सरकार जनविरोधी नीतियों पर काम कर रही है। आज प्रदेश का कोई वर्ग नहीं बचा जो गठबंधन सरकार की जनविरोधी नीतियों का शिकार न हुआ हो। आज प्रदेश के जनप्रतिनिधि से लेकर जनता का शोषण करने में गठबंधन सरकार अग्रणी पंक्ति में नजर आ रही है।
उन्होंने कांग्रेस की गुटबाजी पर कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है, सभी कांग्रेसी नेता कांग्रेसी विचारधारा को मजबूत करने के लिए अपने स्तर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से आज बढ़ती बेरोजगारी, बढ़ता अपराध, बढ़ती महंगाई से दुखी हरियाणा की जनता भविष्य में कांग्रेस की सरकार बनाने का फैसला कर चुकी है। जिसका सबूत प्रदेश में हो रहे कांग्रेस के कार्यक्रमों में उमड़ा हुआ जनसलब दिखाई दे रहा है।
जजपा पार्टी को जमा जीरो पार्टी बताते हुए कहा कि हरियाणा की राजनीति में फेल हुए लोग अब राजस्थान की ओर निकल पड़े हैं। प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने जातीय जनगणना पर कहा कि कांग्रेस पार्टी जातीय जनगणना के पक्ष में है भाजपा अपनी कमजोरी को छुपाने के लिए और सत्ता से कभी बेदखल ना हो जाए इसलिए जातीय जनगणना करने में लेटलतीफी कर रही है।
प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने परिवार पहचान पत्र में धांधलियों का आरोप लगाते हुए कहा कि यह परमानेंट परेशानी पत्र है जिसकी धांधलियां खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं। उन्होंने कहा कि अगस्त 2020 से अगस्त 2023 तक प्रदेश में करीब 70 लाख परिवार पहचान पत्र बने। उनमें 90 प्रतिशत से अधिक में गड़बड़ियां पाई गईं। किसी में जन्म की तारीख, किसी में नाम, किसी में मैरिटल स्टेटस, किसी में योग्यता, किसी में विकलांग स्टेटस और किसी में आय गलत दिखाई।
हुड्डा के बयान पर कही ये बात
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के कांग्रेस सरकार बनने पर ब्राह्मण समाज से डिप्टी सीएम बनाने के बयान पर कहा कि इस पर फैसला हाईकमान की करेगा। कहा कि जरूरत पड़ने पर ही उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा, लेकिन वह भी पार्टी आलाकमान से ही तय होता है। यह पूरी तरह से नेतृत्व का काम है। पार्टी हाईकमान सभी जातियों की राजनीति करता है। इसमें अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, ओबीसी, अल्पसंख्यक सभी इसमें शामिल हैं।