कैथल। भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने चुनावी भागीदारी बढ़ाने और पारदर्शिता, स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावी प्रथाओं को सुनिश्चित करने के लिए कई एप शुरू किए हैंं। यह जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने दी है। उन्होंने कहा कि ये एप मतदाताओं के साथ साथ उम्मीदवारों के लिए भी काफी लाभदायक है। इन एप्स में सुविधा कैंडिडेट ऐप, सी-विजिल, नो योर कैंडिडेट (केवाईसी) एप, सक्षम एप और वोटर हेल्पलाइन एप (वीएचए) शामिल हैं।
डीसी ने कहा कि सुविधा कैंडिडेट एप चुनाव अवधि के दौरान अनुमति प्रक्रिया में उम्मीदवारों की मदद करने के लिए ईसीआई की ओर से तैयार की गई एक मोबाइल एप्लिकेशन है। सुविधा कैंडिडेट एप का उपयोग करने के लिए उम्मीदवारों को एक अकाउंट बनाना होगा और अपनी कॉन्फीडेंशियल्स के साथ लॉग इन करना होगा। लॉग इन करने के बाद उम्मीदवार अपने नामांकन और अनुमति की स्थिति देख सकते हैं। सी-विजिल एप नागरिकों को चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट करने में सक्षम बनाता है, जबकि नो यूअर कैंडिडेट (केवाईसी) एप नागरिकों को चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी देने में मदद करता है। सक्षम एप दिव्यांग व्यक्तियों को वोट करने के लिए पंजीकरण करने, अपने मतदान केंद्र की जानकारी लेने और अपना वोट डालने में मदद करता है। इस एप में दृष्टि बाधित लोगों के लिए वॉयस असिस्टेंस, श्रवण बाधित लोगों के लिए टेक्स्ट-टू-स्पीच जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि मतदाता हेल्पलाइन एप को नए मतदाताओं के पंजीकरण, मतदाता सूची में जनसांख्यिकीय विवरण में सुधार, मतदाता सूची में नाम ढूंढने और अन्य चुनाव संबंधी सेवाओं के लिए तैयार किया गया है।