कैथल। गत चार फरवरी की रात डीग गांव में जमीन विवाद में हुए खूनी संघर्ष मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश किए गए। जहां से दो आरोपी न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए और दो आरोपियों को वारदात में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए पुलिस ने दो दिन की रिमांड पर ले लिया।
दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में पबनावा गांव निवासी अंकित की मौत हो गई थी। चार लोग घायल हुए थे। पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों से क्रॉस एफआईआर दर्ज की थी। एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पबनावा निवासी जसबीर की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। इसमें उसने बताया था कि उसका भतीजा अंकित गांव डीग में जगदेव उर्फ जग्गा के शराब ठेके पर नौकरी करता था। चार और पांच फरवरी की रात वहां झगड़े में चोट लगने के कारण उसके भतीजे अंकित की मौत हो गई थी। वहीं दूसरे पक्ष से चार लोग घायल हो गए थे। एसपी ने कहा कि इस मामले में थाना पूंडरी में दोनों पक्षों की ओर से हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पानीपत के विकास नगर निवासी अमित, डीग निवासी अंकित और दूसरे पक्ष से आरोपी डीग निवासी जगदेव उर्फ जग्गा और मतलौड़ा निवासी विकास को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दूसरे पक्ष के आरोपियों से लड़ाई झगड़े में प्रयुक्त हथियार लोहे पाइप के साथ साथ 32 बोर रिवॉल्वर, 12 बोर गन, कारतूस और खाली खोल बरामद किए हैं। आरोपी सोमवार को न्यायालय में पेश किए गए, जहां से आरोपी जगदेव और विकास को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया और अमित एवं अंकित से पूछताछ के लिए पुलिस ने न्यायालय से दो दिन की रिमांड ली।