हरियाणा के कैथल शहर के ढांड रोड स्थित अमृत फार्म में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने प्रदेश में बदलाव के संंकेत दे दिए हैं।
इस मौके पर दोनों नेताओं ने लोकसभा चुनाव में कड़ी मेहनत कर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी की ओर से चुनाव में अच्छी टक्कर देने पर कार्यकर्ताओं की पीठ भी थपथपाई। इस मौके पर नवनिर्वाचित सांसद जयप्रकाश जेपी और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संबोधन में पूर्व सीएम चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कैथल के मतदाताओं से चारों विधानसभा सीटें कांग्रेस को जितवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वो अपने काम के नाम पर वोट मांग रहे हैं। कैथल की जनता अपने इलाके को देखकर आसानी से बीजेपी और कांग्रेस के कार्यों की तुलना कर सकती है। क्योंकि कांग्रेस कार्यकाल के दौरान कैथल का पूरी तरह कायाकल्प हुआ। बीजेपी ने यहां की जनता से वोट लेकर उसके साथ सिर्फ धोखा किया।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने बदलाव का जनादेश दिया है। ऐसे में कांग्रेस की विधानसभा में जीत तय है। हुड्डा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।
जनता हरियाणा से बीजेपी का सफाया करके कांग्रेस की सरकार बनाना चाहती है, लेकिन इसके लिए जरूरी है कि जिस मेहनत और हौसले के साथ सभी कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव में काम किया, अब विधानसभा चुनाव में उससे ज्यादा ताकत के साथ कांग्रेस के लिए मेहनत करनी है।
एक मोर्चा फतेह करने के बाद अब दूसरे मोर्चे को जीतने की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसके लिए 36 बिरादरी तक बीजेपी सरकार की विफलताओं और कांग्रेस की घोषणाओं को पहुंचाना है।
हुड्डा ने एलान किया कि कांग्रेस सरकार बनने पर प्रत्येक बुजुर्ग को छह हजार रुपये पेंशन, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम, महंगाई से राहत देने के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली, 500 रुपये में गैस सिलिंडर दिए जाएंगे। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि हर वर्ग इस सरकार को सबक सिखाने के इंतजार में है।
उदयभान ने नीट पेपर घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पेपर घोटाले को छिपाने के लिए सरकार ने नीट का रिजल्ट उसी दिन घोषित किया, जिस दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए, लेकिन ये पेपर घोटाला और बीजेपी की मंशा जगजाहिर हो चुके हैं। बीजेपी नीट जैसी परीक्षाओं में धांधली करके सरकार युवाओं को मुन्ना भाई एमबीबीएस बनना चाहती है।