कलायत। कलायत में करीब साढ़े तीन करोड़ के बजट से निर्माणाधीन नगर पालिका कार्यालय भवन के लिए ठेकेदार द्वारा कैथल परिषद के कार्यकारी अभियंता के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल करते हुए 42 लाख 10 हजार 583 रुपये का बिल तैयार करवाने के मामले में अब पार्षद प्रतिनिधि ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला कलायत में वीरवार को चर्चा का विषय बना रहा।
घटनाक्रम के अनुसार कैथल नगर परिषद में तैनात कार्यकारी अभियंता हिमांशु लाटका की शिकायत पर 28 दिसंबर 2020 को इस संबंध में मामला दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप था कि कलायत में नगर पालिका के निर्माणाधीन भवन के आठवें बिल के लिए 42 लाख रुपये के दस्तावेजों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए। उस समय वे कोरोना को लेकर क्वारंटीन थे। इस पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार अब जांच में जो पहलू सामने आए हैं, उससे यह साबित हुआ है कि इस फर्जीवाड़े से फायदा ठेकेदार भगवान दास बंसल को हुआ। जांच के दौरान यह भी पहलू सामने आया है कि जिस समय अवधि में कार्यकारी अभियंता के हस्ताक्षरों का इस्तेमाल किया गया उस दौरान अधिकारी कोविड के कारण वे क्वारंटीन थे। जब वे वापस ड्यूटी पर आए तो उनके सामने नपा भवन के भुगतान से जुड़े दस्तावेज रखे गए। जिसे देखकर वे दंग रह गए। उनके फर्जी हस्ताक्षरों का प्रयोग चैक भुगतान के लिए किया गया था। जबकि कार्यालय नोटिंग मॉनिटरिंग, अर्थ लेवल रिपोर्ट और साथ में ड्राइंग पर कार्यकारी अभियंता ने हस्ताक्षर नहीं किए। अधिकारी ने जिला पालिका आयुक्त के साथ-साथ पुलिस से इस मामले में कार्रवाई का आग्रह किया था।
कलायत डीएसपी सुनील कुमार ने बताया कि एसपी के आदेश पर इस मामले में डीएसपी, एसएचओ और पुलिस कर्मचारियों को शामिल करते हुए एसआईटी का गठन किया गया था। करीब 11 माह क्रमवार जांच करते हुए ठेकेदार भगवान दास बंसल को दस्तावेजी फर्जीवाड़े में गिरफ्तार कर लिया। इससे पूर्व फर्जी दस्तावेजों का आधार बनाकर 42 लाख रुपये से अधिक की राशि का फायदा उठाने पर ठेकेदार भगवान दास के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 420, 467, 468, 471 व 120 बी के तहत आपराधिक मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार किया गया था।
दूसरी ओर गिरफ्तार किए गए ठेकेदार की पत्नी सुमन बंसल वर्तमान में कलायत नगर पालिका के वार्ड 13 से पार्षद हैं। इस बड़ी कार्रवाई से नगर पालिका में हडकंप है। उन अधिकारियों और जन प्रतिनिधियों की नींद उड़ी है, जिनके खिलाफ विभिन्न स्तरों पर सरकारी रिकार्ड को खुर्द-बुर्द करने के साथ-साथ अन्य व्यापक अनियमितताओं की जांच विभिन्न स्तरों पर जारी है। कलायत पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय है।
मुख्यमंत्री ने दी थी नपा भवन की सौगात
प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कलायत नगर को अपने प्रथम कार्यकाल में 13 अगस्त 2016 को कलायत विकास उत्सव रैली में सौगात देते हुए नगर पालिका आधुनिक भवन निर्माण की घोषणा की थी। इस घोषणा के तहत हरियाणा प्रदेश में खास तरह का नगर पालिका भवन बनाया जा रहा है। तीन मंजिला भवन का निर्माण पिछले करीब चार वर्ष से जारी है। इस बीच जिस प्रकार बिल भुगतान के नाम पर फर्जीवाड़ा सामने आया है, उससे कई अन्य की मुश्किलें बढ़नी तय हैं। वहीं पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए भगवान दास बंसल ने कहा कि सारा फर्जीवाड़ा कलायत नपा के बर्खास्त जेई मंदीप द्वारा किया गया है। क्योंकि दस्तावेजों की फाइल उसके पास ही थी। मेरा सरकारी दस्तावेजों से कहीं कोई संबंध नहीं रहा।