कैथल के उपभोक्ता फोरम परिसर की पार्किंग में खड़ी एक क्वीड कार में मंगलवार दोपहर आग लग गई। आग लगने की सूचना के बाद मौके पर काफी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद तुरंत ही दमकल विभाग के कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से जल गया। केवल पीछे वाले टायर ही दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें: बैकफुट पर योगेश्वर दत्त: लाइव होकर कहा-कुश्ती की बदनामी मेरा मकसद नहीं, अब व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं करूंगा
मायापुरी कॉलोनी के गली नंबर दो निवासी राजबीर बताया कि वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने किसी काम से जिला न्यायिक परिसर में पहुंचा था। उसने अपनी क्वीड मॉडल 2016 गाड़ी को उपभोक्ता फोरम में बनी पार्किंग में खड़ी किया था। इसके कुछ ही मिनटों बाद उसे सूचना मिली कि उसकी कार में आग लग गई है। वह कुछ ही किलोमीटर की दूरी से पहुंचा था। कार के जलने से उसके लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं, दमकल विभाग के प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना के बाद एक गाड़ी को मौके पर ही भेज दिया गया था। इसके बाद 15 से 20 मिनटों के बाद ही कार में लगी आग पर काबू पा लिया गया।