कैथल। डीसी प्रदीप दहिया ने विभिन्न मंडियों का दौरा कर खरीद प्रबंधों और सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मंडियों में गेहूं खरीद का कार्य समुचित ढंग से चल रहा है। सीजन के दौरान अलग-अलग मंडियों में अधिकारियों की ड्यूटियां लगाई गई हैं ताकि किसी भी किसान व आढ़ती को कोई भी परेशानी नहीं हो। उन्होंने कैथल में आढ़तियों से बातचीत करते हुए कहा कि व्यापार इस तरह करें जिससे किसानों को और अधिक लाभ हो। सभी मंडियों में जिला प्रशासन द्वारा मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई गईं है। अगर किसी स्थान पर कोई परेशानी आती है तो तुरंत प्रशासन के संज्ञान में लाएं ताकि समस्या का निवारण त्वरित किया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा किसानों की शत प्रतिशत फसल खरीदी जाएगी। मंडियों में नियमित उठान के लिए संबंधित एजेंसियों को पहले से ही निर्देश जारी किए गए हैं।
डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि जिले की विभिन्न मंडियों में गत दिवस तक 66 हजार 432 मीट्रिक टन की आवक हो चुकी है। इसमें से खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने 20 हजार 274 मीट्रिक टन, हैफेड ने 33 हजार 943 मीट्रिक टन, एफसीआई ने नौ हजार 5 मीट्रिक टन व हरियाणा वेयर हाउस ने 3 हजार 210 मीट्रिक टन की खरीद की है। इस मौके पर आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त से मुलाकात की और गेहूं खरीद सीजन में की गई व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन की सराहना भी की। इस मौके पर एसपी मकसूद अहमद, सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, अतिरिक्त सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, सचिव सतबीर सिंह, श्याम लाल गर्ग, अश्वनी शोरेवाला, सुरेश गर्ग, धर्मपाल कठवाड़, सतवीर राविश, रामफल नेहरा व बलबीर सिंह मौजूद रहे।