कैथल। रविवार को खनौरी बाईपास चौक के नजदीक ट्राली की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। पुलिस ने करीब 35 वर्षीय मृतक के शव को आवश्यक कार्रवाई उपरांत परिजनों को सौंप दिया।
गांव सिरटा निवासी संदीप कुमार ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह मजदूरी करता है। वे चार भाई व एक बहन है। 16 जनवरी को वह और उसका छोटा भाई परमजीत मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव हरसौला जा रहे थे। मोटरसाइकिल को परमजीत चला रहा था और वह पीछे बैठा था।
सुबह साढ़े 9 बजे खनौरी रोड बाईपास पेट्रोल पंप के पास तेज गति से ट्रैक्टर-ट्राली चालक आया। उसके एक दम अचानक कट मारा, जिससे ट्राली की मोटरसाइकिल को टक्कर लगी। टक्कर लगने से वह और परमजीत सड़क पर गिर गए। आरोपी चालक ट्रैक्टर को वहीं छोड़कर फरार हो गया। वह अपने भाई को अस्पताल लेकर गया तो ज्यादा चोट होने के कारण डॉक्टरों ने पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। वह परमजीत (35) को पीजीआई लेकर गया लेकिन उपचार सही न होने की वजह से वह अपने भाई को कैथल के निजी अस्पताल लेकर आया। जहां उसके भाई की मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।