सोमवार रात के समय बदमाशों द्वारा कौल में पेट्रोल पंप कर्मचारी को चाकू से घायल करने का मामला ठंडा भी नहीं हुआ कि मंगलवार रात के अंधेेरे में चोरों ने गांव खेड़ी साकरा में 2 घरों में सेंध लगाकर नकदी और जेवरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण खुली जुबान से एक ही बात कर रहे है कि चोरी की घटनाओं के प्रति पुलिस सतर्क नहीं है। ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर गुस्से का इजहार किया।
पीड़ित ग्रामीण मनोज कुमार पुत्र जिले सिंह ने बताया कि रात के समय घर में सो रहे थे। सुबह जब उठे तो कमरे के बाहर कुंडी लगी हुई थी। आवाज लगाने पर पड़ोसियों ने कुंडी खोली। साथ वाले कमरे में जाकर देखा तो अलमारी खुली पड़ी थी और सारा सामान बिखरा हुआ था। नकदी व चांदी के जेवर गायब मिले। राजेश पुत्र साधु राम ने बताया कि रात के समय घरों में सोए हुए थे, तो चोरों ने बाहर से उनके कमरों की कुंडी लगाकर घर में खूब उत्पात मचाया और घर से नकदी तथा जेवरात सहित अन्य सामान चुरा कर ले गए। पीड़ितों ने सरपंच के माध्यम से पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।
घर में नकदी कहां से आई
पीड़ित मनोज कुमार व उसकी पत्नी ने पुलिस पर आरोप लगाया कि एक तो उनके घर में चोरी हुई। उल्टा पुलिस उन्हें ही डांटने लग गई कि इतनी नकदी कहां से लाए। पीड़ितों का कहना है कि देर सवेरे घर में कोई दुख सुख हो जाए तो उसके लिए घर में कुछ ना कुछ नकदी तो रखनी पड़ती है। इतनी बड़ी सफाई देने के बाद ही पुलिस वाले शांत हुए। पीड़ितों में पुलिस के प्रति इस बात को लेकर रोष है कि सांत्वना देने की बजाए पुलिस उल्टा रौब झाड़ती रही।
स्ट्रीट लाइट बंद कर दिया चोरी को अंजाम
ग्रामीणों ने बताया कि चोरो ने रात के समय सबसे पहले गांव की गलियों में लगी लाइटों को बंद किया। उसके बाद घरों के बाहर लगी लाइटों के स्विच आफ किए। जो लाइट बंद नहीं हुई उन्हें ईंट मार कर तोड़ दिया। फिर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया।
रात को नही होती पुलिस गश्त
ग्रामीण प्रवीण कुमार, बलवान, राम सिंह, भगत राम, साधु राम, सुरेश कुमार, भीम सिंह, शिव कुमार, रामचंद्र, रामफल, जिले सिंह, पाला राम, अन्नत राम, सुनील, नरेश ने बताया कि आज तक गांव में रात की बात तो देर दिन में भी कभी पुलिस ने गश्त नही की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर रात के समय एक बार पुलिस की गश्त हो जाए तो चोरी की घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है हमारे गांव में तो पुलिस या तो किसी मंत्री के साथ आती है या फिर किसी लड़ाई झगड़े मेें। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि रात के समय गांव में पुलिस गश्त लगाई जाए।
ढांड थाना प्रभारी रमेश चंद ने बताया कि खेड़ी साकरा निवासी मनोज व राजेश की शिकायत पर घर से नकदी व जेवरात की चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया है। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने मौके मुआयना कर लिया है। थाने में एक गाड़ी है। 22 गांव थाना के एरिया में पड़ते हैं। सभी गांवों में रात के समय गश्त करना असंभव है।