हरियाणा के कैथल के गुहला थाना में तैनात हेड कॉन्स्टेबल को पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने रंगेहाथों काबू किया है। जानकारी के अनुसार, गुहला निवासी लवप्रीत सिंह का कुछ समय पहले किसी से झगड़ा हुआ था। इसके चलते गुहला थाना में केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच गुहला थाना में तैनात हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्र सिंह कर रहा था।
आरोप है कि लवप्रीत सिंह की जमानत करवाने की एवज में हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्र सिंह ने परिजनों से 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी, लेकिन 10 हजार रुपये में ही सौदा तय हो गया था। शिकायतकर्ता लवप्रीत सिंह के चाचा कुलविंद्र ने बताया कि एक दिन पहले लवप्रीत सिंह की जमानत हुई तो उसने रिश्वत के पांच हजार रुपये विजेंद्र सिंह को दे दिए बाकी के पांच हजार रुपये बुधवार को देने थे, लेकिन उसने मामले की शिकायत कैथल की एंटी करप्शन ब्यूरो को कर दी। इसके बाद इंस्पेक्टर सूबे सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया।
विपिन बैनीवाल डीईटीसी आबकारी व कराधान विभाग को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। एसीबी के अधिकारियों ने कुलविंद्र सिंह को रंग लगे नोट देकर भेजा जो उसने हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्र सिंह को दिए। इसी दौरान आरोपी विजेंद्र को विजिलेंस की रेड का शक हो गया और वह भाग खड़ा हुआ जिसे विजिलेंस के अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद काबू किया।
गुहला निवासी कुलविंद्र सिंह की शिकायत पर गुहला थाना में रेड की गई जहां पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हेड कॉन्स्टेबल विजेंद्र सिंह को रिश्वत लेते रंगेहाथों पकड़ा है। विजेंद्र सिंह ने एक दिन पहले भी कुलविंद्र सिंह पांच हजार रुपए की रिश्वत ली थी।
-सूबे सिंह, इंस्पेक्टर, एसीबी, कैथल।