सीआईए-2 पुलिस ने गैंगेस्टर सुरेंद्र ग्योंग से जुड़े 13वें आरोपी को काबू कर लिया है। सुरेंद्र ग्योंग द्वारा डॉक्टर से फिरौती मांगने के मामले में पुलिस प्रदेश भर में छापेमारी कर रही है। ग्योग की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी सहित कई टीमें गठित की गई है। काबू किया गया युवक कलायत के गांव मटौर निवासी अमित है। वह ग्योंग के साथ मिलकर फिरौती की योजना बनाता था। गुड़गांव के कौशल गैंग से भी उसका संबंध बताया जा रहा है।
कैथल में 25 अगस्त को आंखों के अस्पताल के संचालक डॉक्टर से सुरेंद्र ग्योंग द्वारा 20 लाख रुपये की फिरौती मांगने का आरोप है। इस मामले में शहर थाना पुलिस ने डॉक्टर की शिकायत पर ग्योंग सहित कई लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया हुआ है। 31 अगस्त को सीआईए- टू पुलिस टीम की सुरेंद्र ग्योंग के गुर्गों के साथ प्यौदा गेट पर मुठभेड़ हुई। जिसमें रोहतक के कबुलपुर गांव निवासी नवीन को काबू किया गया था। पीआरओ रोशन लाल खटकड़ ने बताया इस मामले में अभी तक कुल 13 आरोपी काबू कर लिए गए हैं। इससे पहले 12 आरोपियों में रणबीर, बलविंद्र ग्योंग, विरेन्द्र ग्योंग, संदीप उर्फ लालू निवासी जींद, मनीष, गुरदीप, अंकित निवासी निसिंग, हरिओम, विक्रम, राजीव, नवीन, सोनू को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीआईए-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर विमल कुमार ने बताया कि सुरेंद्र ग्योंग सहित अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई है। जो ग्योंग व उसके साथियों के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मटौर निवासी अमित कुमार इस मामले में गिरफ्तार होने वाला 13वां आरोपी है।