कैथल में पीएम हाउस में मंत्रियों से जान-पहचान का झांसा देकर आधा दर्जन से अधिक युवकों को पुलिस व ग्रुप डी की सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर डेढ़ करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में चीका के वार्ड नंबर दो निवासी मंगल सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया। चीका थाना में दी शिकायत अनुसार शिकायतकर्ता मंगल सिंह व आरोपी वीरेंद्र सिंह का 2018 में मोबाइल फोन से संपर्क हुआ था। आरोपी ने शिकायतकर्ता को बताया था कि उसकी प्रधानमंत्री कार्यालय में बड़े- बड़े मंत्रियों के साथ अच्छी जान पहचान है। वह मंत्रियों के साथ उठता- बैठता है।
पीडि़त को प्रधानमंत्री हाउस तक मंत्रियों की जान पहचान का दिया झांसा
वह बच्चों को भी विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरी लगवाने का काम करता है। शिकायतकर्ता उसके परिवार के लोगों के साथ जान पहचान होने की वजह से उसकी बातो में आ गया। वर्ष 2019 में पुलिस विभाग में ग्रुप डी की भर्तियां निकली हुई थी। उस समय आरोपी ने शिकायतकर्ता से संपर्क किया। आरोपी ने उससे कहा कि वह चुपके से किसी रिश्तेदार का नौकरी पर लगवाना चाहता है तो उसे रुपये दे दे। वह पक्की नौकरी पर लगा देगा।
भारत सरकार लिखी गाड़ी में लिए रुपये
अगर इस बारे किसी को पता चल गया तो वह रुपये लेकर नौकरी लगवाता है तो मामला गड़बड़ हो जाएगा। कार्यालय की सिक्रेसी लीक हो गई तो मंत्रियों या सरकार को पता चल जाएगा। हम दोनों की बदनामी हो जाएगी। इसमें कोई नहीं बचेगा। क्योंकि यह मामला पीएम आवास का है। उसकी पीएम आवास पर बड़े- बड़े मंत्रियों के साथ नौकरी के मामले में अच्छी सेटिंग है। आरोपी ने शिकायतकर्ता को गुमराह करके पूरा विश्वास दिलवाया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
आरोपी पूरा विश्वास दिलवाकर शिकायतकर्ता के परिवार व उसके कई रिश्तेदारों के बच्चों को पुलिस विभाग व ग्रुप डी में भर्ती करवाने के लिए चीका से अपनी भारत सरकार लिखी हुई इनोवा गाड़ी लेकर शिकायतकर्ता के घर व कार्यालय से रुपये लेकर गया। उसके परिवार व रिश्तेदारों को नौकरी लगवाने के नाम पर एक करोड़ 50 लाख की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने शिकायतकर्ता के किसी रिश्तेदार व परिवार के सदस्यों को नौकरी पर नहीं लगवाया। आरोपी की कॉल रिकॉर्डिंग उसके मोबाइल फोन में है।
आरोपी ने उसके परिवार या किसी भी रिश्तेदार को आज तक सरकारी नौकरी पर नहीं लगवाया है। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके रुपये वापस दिलवाए जाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनके घर के अन्य सदस्यों का भी इस ठगी में हाथ था। चीका थाना के एसएचओ राजफूल ने बताया कि पुलिस ने वीरेंद्र सिंह, ज्ञानचंद, ज्ञानचंद की पत्नी व पिंकी देवी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।