जींद जिले में मुठभेड़ में मारे गए पवन का भले ही कोई आपराधिक रिकार्ड न हो लेकिन उसने और उसके साथी बदमाश संदीप ने मुठभेड़ से पहले राजौंद इलाके में जमकर उत्पात मचाया। उन्हें जो भी मिला, उसी से पैसे एवं सोने की चेन छीन ली। कभी हवाई फायर तो कभी जमीन में फायरिंग कर लोगों को खूब डराया।
पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवा रहे युवक से सोने की चेन छीन ली। वहीं, ढाबे पर खाना खा रहे राहगीरों एवं ट्रैक्टर चालक से भी लूट का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लुटेरों में एक तो पूरी तरह से प्रोफेशनल था लेकिन जिस तरह से इन वारदातों को अंजाम दिया, उससे देखकर लगता है कि दोनों नशे में धुत थे। उनका किसी जमाने में किठाना एवं आसपास के इलाकों में सक्रिय रहे लुटेरों से मित्रता या दुश्मनी का रिश्ता हो सकता है।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात मुंह पर कपड़ा लपेटे दो युवक एक बीट गाड़ी में सवार होकर कैथल-जींद मार्ग पर स्थित किठाना गांव के निकट दुर्गा भोजनालय में घुसे। ढाबा संचालक सोनू के अनुसार दोनों नकाबपोशों ने हवाई फायर किए और उसके गल्ले से 80 हजार रुपये की नकदी लूट ली। इसके बाद कुछ आगे स्थित बाला जी भोजनालय के मालिक शमशेर से पिस्तौल के बल पर 500 रुपये लूट लिए।
इसके बाद लुटेरे कुछ ही दूरी पर स्थित पेट्रोल पंप पर पहुंचे। वहां पंप पर तेल डलवा रहे ग्राहक रवि राजथल नारनौंद निवासी की सोने की चेन छीन ली। पेट्रोल डाल रहे लड़के की जब से पैसे छीने। गल्ले से 25 हजार की नकदी निकाल ली और तीन हजार के इंजन ऑयल के बॉक्स लूट लिए। इसके बाद जींद रोड पर ही स्थित शराब के ठेके में घुसे।
ठेकेदार रवि राणा ने पुलिस को बताया कि लुटेरों ने पिस्तौल के बल पर गल्ले में रखी 40 हजार रुपये के लगभग नकदी लूट ली। इसके बाद ही दोनों जिलों की पुलिस ने घेरा डाला तो लुटेरों ने अलेवा थाना प्रभारी की गाड़ी पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हुई मुठभेड़ में पवन मारा गया तो संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीठ में लगी है मरने वाले लुटेरे को गोली
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मरने वाले लुटेरे के पीठ में गोली लगी है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में गोली लगने के बाद वे वापस भागे लेकिन टायर फट जाने से गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
दोनों जिलों की पुलिस ने कर दी थी घेराबंदी
एक साथ इतनी ज्यादा लूट की वारदातों की सूचना मिलने के बाद कैथल एवं जींद पुलिस ने आसपास के एरिया में घेरेबंदी कर दी थी। पीछे से कैथल एसपी कृष्ण मुरारी, डीएसपी के अलावा कलायत थाना प्रभारी, राजौंद थाना प्रभारी, सीआईए-2 प्रभारी सत्यवान सिंह के नेतृत्व में करीब 15-16 टीमें विभिन्न मार्गों से लुटेरों की घेरेबंदी के लिए निकल पड़ीं थीं। वहीं, सामने से जींद जिले की पुलिस भी विभिन्न मार्गों से होते हुए कैथल की ओर निकल पड़ी। रात्रि करीब दो बजे तक यह ऑपरेशन चला। बाद में मृतक लुटेरे के शव को पोस्टमार्टम के लिए जींद भेज दिया गया।