विदेश जाने का लालच दे दस लाख रुपये ठगे
-पुलिस ने तीन आरोपियों पर कबूतरबाजी का केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शहर के आदर्श नगर में विदेश जाने का लालच देकर दस लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आदर्श नगर निवासी सुरेंद्र सिंह ने सिविल लाइन पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह विदेश जाने का इच्छुक था। इसी कड़ी में उसका संपर्क संदीप निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी से हुआ। संदीप ने बताया कि उसके कई रिश्तेदार विदेश में रहते हैं और वह उसे विदेश भेज सकता है। इसकी एवज में उसने उससे 10 लाख रुपये मांगे।
आरोपी ने कहा कि वह उसका आइलेट्स का पेपर भी पास करवा देगा। संदीप ने उसे अपने घर बुलाया, जहां पर संदीप की पत्नी शिवानी व पिता सतपाल भी मौजूद थे। वहां पर संदीप की पत्नी शिवानी ने कहा कि उसकी चचेरी बहन कनाडा में सेटल है और उसने सारी बात कर ली है। वह कनाडा से उसका स्पांसरशिप मंगवा देगी। मेरे साथ मेरा जीजा प्रवेश भी था। उसी दिन उसने संदीप के पिता सतपाल को 5 लाख रुपये नकद व पासपोर्ट दे दिए। इसके बाद उसकी बीच-बीच में वीजा से संबंधित बात होती रही। इसके बाद संदीप ने 10 अप्रैल 2018 को कहा कि उसका काम बन गया है और उसकी स्पांसरशिप भी आ गई है, इसलिए बाकी पैसे दे दो। इसके बाद 11 अप्रैल को मैंने संदीप के खाते में 5 लाख रुपये जमा करवा दिए। लेकिन इसके बाद आरोपियों ने न तो उसे स्पांसरशिप दिखाई और न ही वीजा लगवाया। आरोपी लगातार उससे झूठ बोल रहे हैं। जब उसने आरोपियों से पैसे मांगे तो संदीप ने उसे पिस्तौल दिखाते हुए कहा कि अगर वह दोबारा उसके घर आया या पैसे मांगे तो वह उसे जान से मार देगा। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों आरोपियों पर कबूतरबाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।