महिला पुलिस ने मनचले की धुनाई की
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। ऑपरेशन दुर्गा के तहत वीरवार को महिला पुलिस ने अभियान चलाकर मनचलों की खूब धुनाई की। बाद में परिजनों को बुलाकर चेतावनी देते हुए उन्हें छोड़ दिया गया।
महिला थाना एसएचओ निर्मला ने बताया कि सुबह पुलिस बल के साथ वे ऑपरेशन दुर्गा के लिए निकली थी। राजकीय कन्या स्कूल लगने के समय वह बाजार में छात्राओं के पीछे-पीछे पैदल आई। जहां पर बाइक सवार युवक छात्राओं को हॉर्न बजाकर परेशान कर रहा था। जिसको मौके पर पकड़कर धुनाई की और उसके परिजनों को मौके पर बुलाया। जिसके बाद बाइक व उसको परिजनों के कहने पर छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने इंदिरा गांधी महिला कॉलेज के पास दो युवकों को काबू किया। जिसमें पुलिस ने खूब फटकार लगाई। इसी प्रकार आरकेएसडी कॉलेज के बाहर छात्राओं को फॉलो कर रहे दो युवकों को भी धुनाई की गई। महिला थाना एसएचओ ने बताया कि सुबह के समय व छुट्टी के समय महिला पुलिस बल शहर के सड़कों पर गश्त करती है। किसी छात्रा को अगर कोई परेशानी है तो वह महिला पुलिस के हेल्प लाइन नंबर व महिला थाना एसएचओ के नंबर पर सूचना दे सकती है। छात्राओं की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।