एक ट्रक और दो बाइक चोरी
कैथल। चोरी के तीन मामलों में चोर दो बाइक और एक ट्रक चोरी कर ले गए। तीनों ही मामलों में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पहले मामले में पूंडरी पुलिस को दी शिकायत में फतेहपुर निवासी परमजीत ने बताया कि 18 जुलाई को गांव फतेहपुर से किसी ने उसकी बाइक चोरी कर ली। एएसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
दूसरे मामले में चीका पुलिस को दी शिकायत में चीका के वार्ड नंबर- 4 निवासी सोमनाथ ने बताया कि 17 जुलाई को अज्ञात व्यक्ति चीका से उसकी बाइक चोरी कर ले गया। हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीसरे मामले में कलायत पुलिस को दी शिकायत में गांव कलामपुर निवासी रोहताश ने बताया कि 18 जुलाई की रात को गांव कमालपुर से कोई उसका ट्रक चोरी कर ले गया। चोरी हुए ट्रक की कीमत चार लाख 50 हजार रुपये है। हेड कांस्टेबल मनजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।