चोरों को पकड़ने गए युवक पर चाकू से हमला
युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर किया
-गांव सिसमौर में आधी रात को एक घर में चोरी की नीयत से घुसे थे दो युवक
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव सिसमौर में आधी रात को दो युवक चोरी करने की नीयत से एक घर में घुस गए। आवाज सुनकर सो रहा युवक बिस्तर से उठकर जब दोनों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी उस पर चाकू से हमला कर फरार हो गए। छाती के नजदीक चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया। मामले की शिकायत तितरम थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने कहा कि वे घायल का बयान लेने के लिए अस्पताल गए थे। लेकिन उससे पहले ही उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया था। अब पुलिस घायल के बयान दर्ज करने के लिए पीजीआई जाएगी।
सिसमौर निवासी विकास ने बताया कि उसका भाई राकेश रात को घर पर सोया हुआ था। देर रात दो अज्ञात युवक घर में चोरी की नीयत से घुस गए। उक्त युवकों की आवाज सुनकर उसका भाई बिस्तर से उठकर जब गेट के पास पहुंचा तो आरोपी भागने लगे। उसने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। छाती के नजदीक चाकू लगने से उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए रात को सिविल अस्पताल में लाया गया। जहां चिकित्सकों ने इलाज कर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई ले जाने की बात की। परिवार के लोग रविवार सुबह पीजीआई ले गए। घटना को लेकर परिवार के लोगों ने पुलिस से उचित कार्रवाई की मांग की है।