पेंशन राशि में 60 हजार रुपये निकलवाकर रुपये गिन रहा था बुजुर्ग
बैंक से नाबालिग बच्चा 50 हजार रुपये से भरा थैला लेकर भागा
पूर्व सूबेदार के साथ हुई घटना, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अंबाला रोड स्थित पीएनबी में अपनी पेंशन लेने के लिए गए पूर्व सूबेदार का 50 हजार रुपयों से भरा बैग एक नाबालिग उठाकर भाग गया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है।
बालाजी कालोनी निवासी भूतपूर्व सूबेदार सियाराम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 19 जनवरी को सुबह 11 बजे के करीब अंबाला रोड पर स्थित पंजाब नेशनल की मैन ब्रांच से अपनी पेंशन लेने गया था । उसने 60000 रुपये निकल लिए। इसके बाद नोटों की गड्डी संभालने लगा और खराब नोट निकालने लगा। थैला उसने पास में रख लिया। इतने में एक छोटा बच्चा करीब 10-12 साल का उसके पास आकर बैठ गया और 50000 रुपये से भरा थैला लेकर भाग गया। उसने उसका पीछा किया, लेकिन वह भागने में कामयाब रहा। हेड कांस्टेबल जसवंत सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।