साल 2015 में हुई सिपाही भर्ती में चार लोगों के खिलाफ झूठा शपथ पत्र देने और तथ्यों को छिपाकर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। चारों लोगों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इससे पहले सोमवार को भी तीन लोगों के खिलाफ फर्जी मार्कशीट लगाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
2015 में हुई सिपाही भर्ती में मथुरा जिले के नौझील थाना क्षेत्र के गांव अवाखेड़ा निवासी कुशलपाल पुत्र अशोक कुमार, हाथरस के नसीरपुर थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव निवासी कैलाश चौधरी पुत्र गजेंद्र सिंह, एटा के जीसूरपुर निवासी धर्मेंद्र पुत्र राम किशोरी और एटा के छछेला निवासी विनय कुमार पुत्र राकेश कुमार ने आवेदन किया था। इन लोगों का चयन भी हो गया था। चयन होने के बाद जब इनके कागजातों का सत्यापन कराया गया तो फर्जी पाए गए। सामने आया कि इन लोगों ने शपथ पत्र में झूठी जानकारियां दी हैं। इसकी जानकारी एसएसपी को दी गई थी। जांच के बाद मंगलवार को एसएसपी कार्यालय के प्रधान लिपिक राज कुुमार ने सिविल लाइन थाने में इन चारों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।