कार ने बाइक को मारी टक्कर, युवक की मौत, एक घायल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गांव खनौदा बस अड्डा के निकट कार व बाइक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक घायल हो गया। पुलिस ने घायल के बयान दर्ज कर लापरवाह कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बंदराना निवासी सोनू ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने चचेरे भाई संजय कुमार (30) के साथ शुक्रवार शाम को मोटरसाइकिल पर सवार होकर ग्योंग गांव के नजदीक स्थित आर्य स्कूल में किसी काम के लिए आ रहे थे, लेकिन रास्ते में शनिवार को आने का कार्यक्रम बना वापस गांव चले गए। जैसे ही खनौदा बस अड्डा के पास सड़क की साइड में मोटरसाइकिल खड़ी कर पेशाब करने के लिए रुके तो इतने में तेज रफ्तार से आए कार चालक ने खड़ी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में वे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने एंबुलेंस की सहायता से कैथल के सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां इलाज के दौरान संजय की मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। मृतक अपने पीछे चार साल का लड़क छोड़ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।