बकाया बिजली बिल के नकली संदेश भेजकर उपभोक्ताओं से ठगी की जा सकती है। इस संबंध में एसपी की ओर से एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
एसपी मकसूद अहमद ने बताया कि साइबर क्राइम का एक नया चलन सामने आया है, जिसमें साइबर जालसाज बिजली बिल का भुगतान न करने के नाम पर लोगों को ठगने में लगे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे धोखेबाज पहले लक्षित फोन नंबरों पर टेस्ट मैसेज भेजते हैं, जिसमें कहा जाता है कि आपकी बिजली काट दी जाएगी। क्योंकि आपके पिछले महीने का बिल अपडेट नहीं हुआ है और दिए गए नंबर से संपर्क करने के लिए कहा जाता है। एक बार पीड़ित द्वारा दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद, जालसाज पीड़ित को पिछले भुगतानों को सत्यापित करने के उद्देश्य से बैंक खाते के विवरण साझा करने के लिए मनाने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा कि अगर आप साइबर ठगी का शिकार हो जाते है तो ऐसी किसी भी घटना की शिकायत के संबंध में 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं और किसी भी पुलिस स्टेशन में जाकर हेल्प डेस्क की मदद लें।