कैथल। आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला में प्रदेश में करनाल सहित छह मंडलों गुरुग्राम, रोहतक, अंबाला, फरीदाबाद व हिसार मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग, हरियाणा तथा हरियाणा कला परिषद के संयुक्त तत्वाधान में इन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत संगीत, नृत्य, रंगमंच, चित्रकला व मूर्तिकला संबंधी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसकी अंतिम तिथि 30 मई है।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि निष्पादन कला (संगीत, नृत्य, रंगमंच) एवं दृश्य कला (चित्रकला, मूर्तिकला) संबंधी कलाकार अपना आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि आयु वर्ग को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इसमें आठ से 16 वर्ष, 16 से 36 वर्ष तक तथा 36 से अधिक आयु वर्ग के कलाकार हिस्सा ले सकते हैं। आयु की गणना 31 मार्च, 2022 से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आयु के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, वोटर कार्ड, शिक्षा प्रमाण पत्र का निरीक्षण किया जाएगा। प्रत्येक मंडल स्तर पर आयु की तीनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए दल का लीडर, कलाकार, अपना नाम, पता, मोबाइल नंबर, ई-मेल, वोटर कार्ड, शिक्षा प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, पैन कार्ड की छाया प्रतियां तथा भाग लेने वाले अन्य कलाकारों का विवरण, कला विधा तथा शीर्षक सहित विभाग की ई-मेल के माध्यम से या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 30 मई शाम पांच बजे तक भिजवाना होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान सभी दस्तावेजों की स्वयं सत्यापित प्रतियां साथ लानी होंगी। आवेदन विभाग की ई-मेल आईडी artandculturalaffairshry@gmail.com पर भिजवाए जा सकते हैं। प्रतिभागी कलाकार हरियाणा का निवासी होना अनिवार्य है और जिस मंडल का निवासी है, वह वहीं से संबंधित प्रतियोगिताओं के लिए आवेदन कर सकता है।