कैथल। गांव पट्टी खोत में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से कम्यूनिटी हाल का निर्माण किया गया है। इससे गांव के लोगों को अब धार्मिक सहित अन्य आयोजन करने में परेशानी नहीं आएगी। हाल का उद्घाटन शनिवार को विधायक लीला राम ने किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। विधायक ने कहा कि कैथल हलके में करोड़ों के विकास कार्य चल रहे हैं। हर गांव में सामूहिक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। हर गांव में शहरों की तर्ज पर मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं।
यहां कम्यूनिटी सेंटर बनने से ग्रामीणों के सामने शादी या अन्य सामूहिक समारोह के आयोजनों में अब कोई समस्या नहीं आएगी। विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत पट्टी खोत के अजय गिरी के नेतृत्व गांव में करोड़ों के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं। पब्लिक हेल्थ द्वारा हर घर तक पीने का पानी पहुंचाने की योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। हर गांव में पाइपलाइन दबाकर लोगों को कनेक्शन दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कैथल शहरी क्षेत्र के लिए भी 15 करोड़ के विकास कार्यों के टेंडरों को लगाने का काम जारी है। इससे पहले भी 10 करोड़ से सीएम अनाउंसमेंट के टेंडर लगाए जा चुके हैं। गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक लीला राम को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर अजैब गिरी, हरपाल शर्मा क्योड़क, रामकुमार नैन, मुकेश जैन, नरेश मित्तल, भाग सिंह खनोदा, वीरेंद्र बत्रा, संजीव कांगड़ा, बंसी लाल, श्याम लाल कल्याण, विकास कठवाड़, सत्तू कठवाड़, शिशन खेड़ी, मीनू क्योड़क, साहिल राणा, नरेश वाल्मीकि, कुलदीप बागड़ी, सोमदत्त शर्मा, डॉ. प्रेम शर्मा, पूनम पांचाल और कुशल पाल सैन भी मौजूद रहे।