कैथल। अमरगढ़ गामड़ी की गली नंबर 10 में अवैध रूप से बनाए गए गोदाम में मार्केट फीस की चोरी करते हुए गेहूं, खाद और फसलों में डाली जाने वाली दवाओं को एक साथ स्टॉक किया पाया गया। सीएम फ्लाइंग की टीम ने कृषि और मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से की गई छापामारी में यह खुलासा किया, जिसमें गेहूं के लिए जुर्माने सहित मार्केट फीस और एचआरडीएफ की 30 हजार रुपये की राशि मौके पर ही जमा करवाई गई। साथ ही खाद और दवाओं का सैंपल लेते हुए गोदाम को सील कर दिया। एक साथ अनाज और खाद-दवाओं को रखने पर आवश्यक वस्तु सेवा अनिधियम के तहत कार्रवाई के लिए पुलिस को भी लिखा गया है।
सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम सोमवार दोपहर बाद अमरगढ़ गामड़ी में गली नंबर 10 में पहुंची। जहां एक गोदाम में कई राज्यों के मार्का वाले बैग में भंडारित गेहूं, खाद और फसलों में डाली जाने वाली दवा मिली। करीब तीन घंटों तक चली लंबी पड़ताल के बाद मार्केटिंग बोर्ड और कृषि विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग कार्रवाई की। सीएम फ्लाइंग में इंस्पेक्टर राजदीप सिंह ने बताया कि सिविल लाइन थाने के क्षेत्र में एक गोदाम में गोदाम में गेहूं, खाद व दवाओं के अवैध स्टॉक की सूचना पर छापामार कार्रवाई की गई। यहां सर्च ऑपरेशन में 507 कट्टे गेहूं मिला है। इसके अलावा खाद के 470 कट्टे हैं। कीटनाशक 900 लीटर बरामद हुआ है।
कृषि विभाग के क्वालिटी कंट्रोल इंस्पेक्टर महावीर सोढी ने बताया कि गोदाम में गेहूं के साथ खाद और दवाएं रखी थीं। दवाओं में 440 लीटर एक तरह की, 460 लीटर दूसरे तरह की छह किलो दवाएं अलग तरह की मिली हैं। खाद में 250 कट्टे एएसएसपी, यूरिया के 220 कट्टे बरामद हुए हैं। इसके अलावा 4 किलो की पैकिंग के 280 किलो खाद अलग से मिला है। इन सभी के सैंपल लेकर गोदाम को सील कर दिया गया है। आवश्यक वस्तु सेवा अधिनियम के तहत कार्रवाई क लिए पुलिस को लिखा जा रहा है।
मार्केटिंग बोर्ड से पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव कृष्ण धनखड़ ने कहा कि यहां गोदाम में अवैध रूप से रखे गए गेहूं पर तीस हजार रुपये जुर्माना किया गया है।
उधर, गोदाम मालिक सुभाष चंद ने कहा कि उनके पास दवाओं व खाद के लिए लाइसेंस है। यहां आपात स्थिति में दवाएं व खाद रखी गई थी। गेहूं के लिए उसने मार्केट कमेटी फीस भर दी है।