कैथल में सोमवार रात जींद रोड बाईपास पर बैरिकेड तोड़कर एक पुलिस कर्मचारी पर गाड़ी चढ़ाने का मामला सामने आया है। बदमाश बैरिकेड तोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सिटी थाना में केस दर्ज किया गया है।
सिटी थाना में दी शिकायत में ईसआई शील कुमार ने बताया कि उसकी जींद बाईपास नाका पर इंचार्ज के तौर पर ड्यूटी लगी हुई है। सोमवार रात करीब दस बजे उनके पास कंट्रोल कक्ष से वीटी के माध्यम से सूचना आई कि एक सिल्वर रंग की इनोवा गाड़ी में चार बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने के लिए खनौरी रोड से कैथल की तरफ से आ रहे हैं। गाड़ी नंबर की प्लेट कीचड़ से धंसी हुई है। इसके तुरंत बाद ही टीम के साथ जींद रोड नाका लगा कर खनौरी रोड की तरफ से आने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी गई। उसी समय वहां से सिल्वर रंग की गाड़ी आती दिखाई दी। गाड़ी चालक को लाइट दिखाकर रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाशों ने गाड़ी रोकने की जगह तेज कर दी और कार उसके ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया।
शिकायतकर्ता पुलिस कर्मचारी ने बताया कि गाड़ी में चार बदमाश थे जो बैरिकेड तोड़ कर करनाल बाईपास नाका की तरफ फरार हो गए। बदमाशों ने उसके कुचलने का प्रयास किया। बदमाशों ने सरकारी ड्यूटी में भी बाधा डाली है। बैटरी की लाइट नजदीक आने के कारण बदमाशों के चेहरे देख लिए गए थे। पास आने पर वह उन्हें पहचान सकता है। जांच अधिकारी जयभगवान ने बताया कि ईसीआई शील कुमार की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाई है। आरोपियों को पकड़ने का प्रयास जारी है।