कैथल। पूरे हरियाणा में बिजली-पानी पर मचे हाहाकार मचा के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भाजपा-जजपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार और प्राइवेट बिजली उत्पादकों की साठगांठ से ही हरियाणा में भीषण बिजली संकट पैदा हुआ है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ गर्मी ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, तो दूसरी तरफ बिजली लापता हो गई है। गांव हो या शहर, 12 से 20 घंटे तक का बिजली कट लग रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार अडानी पॉवर, मुंद्रा, गुजरात से मिलने वाली 1424 मेगावॉट बिजली का एक यूनिट बिजली भी नहीं ले रही।
उल्टा सरकार अडानी पॉवर, गुजरात को लगभग 114 लाख यूनिट बिजली प्रतिदिन दे रही है। प्रथम दृष्टि से यह भी लगता है कि इस बिजली के एवज में एक फूटी कौड़ी का भुगतान भी हरियाणा सरकार को नहीं किया जा रहा। जबकि प्राइवेट कंपनियों से सरकार 5.75 प्रति यूनिट पर बिजली खरीद रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बदहाली में हरियाणा नंबर वन बन गया है और हरियाणावासी त्राहिमाम कर रहे हैं।