कैथल। शहर में 70 हजार से अधिक प्रॉपर्टी के नए सर्वे में लगभग 15 हजार प्रॉपर्टी का पुराने रिकॉर्ड के साथ मिलान नहीं हो पाया है। इस कारण फिर से सक्षम युवाओं को बुलाकर प्रॉपर्टी आईडी का मिलान करवाया जा रहा है। लगभग 25000 प्रॉपर्टी आईडी के मिलान का काम लंबित था। फिलहाल इसमें लगभग दस हजार प्रॉपर्टी आईडी का मिलान करवा लिया है।
गौरतलब है कि शहर की 70 हजार से अधिक प्रॉपर्टी का सर्वे करवाकर लोगों को टैक्स के नोटिस दिए जाने हैं। सर्वे करने वाले एजेंसी लगभग 25000 प्रॉपर्टी आईडी को पुराना डाटा के साथ मिलान नहीं कर पाई। इस कारण इस काम में नगर परिषद कर्मचारियों के साथ-साथ सक्षम युवाओं को लगाया था। अब दोबारा से सक्षम युवाओं को बुलाकर यह काम दिया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द यह काम पूरा हो सके।
100 सक्षम युवा बुलाए
रोजगार विभाग के माध्यम से सक्षम युवा विभिन्न विभागों में काम के लिए भेजे जाते हैं। इन्हें उनकी योग्यतानुसार अलग-अलग मानेय दिया जाता है। लगभग सौ सक्षम युवा अब नगर परिषद में बुलाए गए हैं। इनमें से अभी करीब 30 से 40 युवा पहुंचे हैं। कुछ ऐसे हैं, जिन्होंने पहले काम किया है।