सीवन में नए बस स्टैंड का निर्माण जल्द ही करवाया जाएगा। यह आधुनिक बस स्टैंड नगर में कैथल-पटियाला मुख्य मार्ग पर खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय के सामने बनाया जाएगा।
नगर के समाजसेवी सुधीर मिड्ढा, राजीव शर्मा, कुलदीप शर्मा, गगनदीप सिंह व मितू मेहता ने बताया कि हलका गुहला विधायक ईश्वर सिंह ने नगर निवासियों को जल्द बस स्टैंड बनाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि सीवन के लोगों की बहुत पुरानी मांग है कि नगर में बस स्टैंड का निर्माण करवाया जाए। बस स्टैंड न होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता है। सीवन से प्रतिदिन काफी संख्या में यात्री व उच्च शिक्षा ग्रहण करने वाले विद्यार्थी कैथल, पटियाला व कुरुक्षेत्र सहित अन्य शहरों में जाते हैं। सड़क पर ही इन्हें बस का इंतजार करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि विधायक ने जल्द ही सीवन में लगभग 5.5 कनाल में बस-स्टैंड का निर्माण करवाने का आश्वासन दिया है। बस-स्टैंड बनने की औपचारिकताएं भी लगभग 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड बनने से सीवन का विकास भी होगा।