06-गुहला चीका। दिल्ली किसान आंदोलन में शहीद हुए एक किसान के बच्चे का स्कूल में दाखिला करवाते यूके क
- फोटो : Kaithal
गुहला-चीका (कैथल)। किसान आंदोलन में मौत का शिकार हुए किसानों के परिवारों की आर्थिक मदद के लिए भाकियू शहीद भगत सिंह व यूके के ट्रस्ट संगत ने बड़ी पहल की है। भाकियू शहीद भगत सिंह व संगत ट्रस्ट यूके ने ऐसे किसानों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी वहीं अब इन किसान परिवारों के बच्चों की शिक्षा का खर्च उठाने का फैसला लिया है।
भाकियू शहीद भगत सिंह के प्रवक्ता दलबीर नैन ने बताया कि दिल्ली किसान आंदोलन में हरियाणा के 40 किसान शहीद हो गए थे। इनमें से पांच किसान जिला कैथल से थे। उन्होंने बताया कि शहीद हुए इन किसान परिवारों के बच्चे जब तक भी शिक्षा ग्रहण करना चाहेंगे, उसका पूरा खर्च किसान यूनियन शहीद भगत सिंह व यूके का संगत ट्रस्ट उठाएगा। दलबीर नैन ने बताया कि भाकियू शहीद भगत सिंह व यूके के ट्रस्ट संगत ने जिला कैथल के गांव सेहरदा के किसान अमरनाथ सिंह के दोनों बच्चों का बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में दाखिला करवाया है।
इसी प्रकार से सिंघवाल के किसान कर्मवीर सिंह के दोनों बच्चों का दाखिला एमडीएन पब्लिक स्कूल कलायत में करवाया है। इसी तरह गांव बड़सीकरी के दिलबाग सिंह की बेटी का दाखिला एसडी कन्या विद्यालय नरवाना में करवाया है। इसके अलावा इन किसानों के परिवारों को पहले ही एक-एक लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जा चुकी है। इस मौके पर संगत ट्रस्ट यूके की तरफ से भाई गुरप्रीत सिंह, भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के जिला प्रधान जगदेव सिंह बदसूई, सीवन ब्लॉक के प्रभारी कुलविंदर सिंह, बलकार सिंह गगड़पुर, अंबाला के महासचिव कुलदीप सिंह मोहड़ी, बलकार सिंह मसूंडा व परमजीत सिंह भी मौजूद रहे।