कैथल। पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। एसपी लोकेंद्र सिंह ने कहा कि तकनीक के इस युग में लगभग हर व्यक्ति कंप्यूटर अथवा मोबाइल से जुड़ा हुआ है। ऐसे में साइबर अपराधी भी अपराध करने के नए तरीके अपना रहे हैं। आए दिन लोग साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं।
साइबर ठगों द्वारा सोशल मीडिया पर लोगों को विभिन्न प्रलोभन देकर ठगी की वारदातों को अंजाम दिया जा रहा हैं। इनमें से एक ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब ऑफर का झूठा प्रलोभन देकर लोगों के साथ ठगी करने का नया तरीका सामने आया है। ठगी करने वाले लोगों को ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब देने का ऑफर करते हुए दिन में 1 से 2 घंटे तक काम करके हजारों रुपये प्रतिदिन कमाने का लालच देते हैं। इस प्रकार के लुभावने ऑफर को देखकर लोग आसानी से इनके जाल में फंस जाते हैं और ठगी का शिकार होते हैं। उन्होंने कहा कि लोग ऐसे किसी भी प्रकार के प्रलोभन में न आएं और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ शेयर न करें। अनजान व्यक्तियों से प्राप्त लिंक पर क्लिक न करें।