शनिवार दोपहर के समय हरियाणा के कैथल में तितरम पुलिस थाने के सामने दो पक्षों में फायरिंग के मामले में एसपी ने एएसआई को निलंबित कर दिया है। एएसआई द्वारा थाने में दोनों पक्षों को एक ही दिन पंचायत के लिए थाने में बुलाने की लापरवाही बरतने और प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहने पर कार्रवाई की गई है। इस मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया है।
शनिवार की दोपहर कॉलोनाइजर हरीश गर्ग द्वारा दी गई रंगदारी की एक शिकायत में पुलिस ने तितरम थाने में पंचायत बुलाई थी। दोनों पक्षों की पंचायत के बाद थाने के बाहर फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में एक पक्ष की शिकायत पर पांच लोगों व दूसरे पक्ष की शिकायत पर 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। साथ ही पांच लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। इस पूरे घटनाक्रम में दोनों पक्षों को एक ही दिन थाने में पंचायत के लिए बुलाने को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे थे।
एसपी ने बताया कि पहली जांच से सामने आया कि एएसआई संदीप सिंह ने जांच के दौरान घोर लापरवाही की है। एसपी ने कहा एएसआई संदीप जांच के दौरान कानून के अनुसार प्रभावी सख्त निवारक कार्रवाई करने में विफल रहे। उन्होंने कहा कि दोनों ही पक्षों को एक साथ बुला लिया।
यदि बातचीत के लिए बुलाना था तो अलग-अलग बुलाना था। साथ ही उस समय मौके पर एसएचओ भी नहीं थीं। जिस कारण लापरवाही मिलने पर एएसआई संदीप को निलंबित किया गया है। वह स्थिति को भांप नहीं पाया। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
उधर रविवार को इस मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों पक्षों के पांचों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें दो दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस ने रविवार को एक पक्ष के बालू निवासी आरोपी कुलदीप व जींद जिला के गांव तारखां निवासी मनदीप को व दूसरे पक्ष की ओर से पुलिस टीम ने गांव हरसौला निवासी रवि, करोड़ा निवासी कुलदीप व खुराना निवासी व सुरेंद्र उर्फ काला को गिरफ्तार किया था। सभी से हथियार बरामद करने व अन्य पूछताछ के लिए न्यायालय में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया गया।