कैथल। आईटीआई में दाखिला प्रक्रिया जारी है। अब तक करीब 80 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। 24 नवंबर को पांचवीं मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बाद 26 नवंबर तक दस्तावेजों की जांच का कार्य किया जाएगा और साथ ही सूची में नाम आने वाले विद्यार्थी फीस जमा करवा सकेंगे। इस सूची के तहत दाखिले होने के बाद प्रक्रिया बंद हो जाएगी।
हालांकि इस समय शहर की राजकीय आईटीआई में करीब 350 व महिला आईटीआई में 50 सीटें रिक्त हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि अंतिम सूची में ज्यादातर सीटों पर दाखिले हो जाएंगे। राजकीय आईटीआई कैथल के प्राचार्य और आईटीआई के जिला नोडल अधिकारी सतीश मच्छाल ने बताया कि संस्थानों में दाखिले के लिए पांचवीं सूची अंतिम अवसर है। इसके बाद दाखिले नहीं होंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर प्रवेश की सभी औपचारिकताएं पूरी करने की सलाह दी है। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि अंतिम सूची में ज्यादातर सीटों पर दाखिले हो जाएंगे।