Aarti selected in Junior National Handball Championship
- फोटो : Kaithal
जिले के गांव खानपुर की हैंडबॉल की 17 वर्षीय खिलाड़ी आरती का जूनियर नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप में चयन हुआ।
हिसार के महाबीर स्टेडियम में 7 सितंबर तक हरियाणा जूनियर महिला हैंडबॉल टीम के चयन के लिए कैंप लगाया गया है। इस कैंप में प्रदेश भर से 25 हैंडबॉल खिलाड़ी भाग ले रही हैं, जो अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर अपने चयन के लिए दावेदारी पेश करेगी। इस टीम में 16 खिलाड़ियों का ही चयन होना है। कोच राजेश कुमार ने बताया कि हरियाणा की टीम में चयन के लिए 30 अगस्त को नरवाना में ट्रायल लिए गए थे। ट्रायल में आरती ने अच्छा प्रदर्शन कर टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया।
44 वीं जूनियर हैंडबॉल चैंपियनशिप लखनऊ में 8 से 12 सितंबर तक होगी। देशभर की टीमें इस प्रतियोगिता में भाग लेंगी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली खिलाड़ी हिसार के महावीर स्टेडियम में कोच अनूप के पास अभ्यास कर रही हैं। इन खिलाड़ियों में कैथल के गांव खानपुर से आरती भी शामिल है। कोच राजेश कुमार ने कहा कि नेशनल प्रतियोगिता में आरती अपनी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेगी और पदक के साथ ही वापस लौटेगी। आरती हरियाणा की टीम में चयनित होने वाली कैथल से एकमात्र खिलाड़ी हैं।
कोच राजेश कुमार ने बताया कि आरती ने दो साल पहले गांव खानपुर में ही हैंडबॉल का अभ्यास शुरू किया था। अब अंबाला रोड स्थित इंडोर खेल स्टेडियम में चल रहे हैंडबॉल प्रशिक्षण केंद्र में अभ्यास करती हैं। आरती के पिता नरेश पाल मजदूरी करके परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। आरती का खेलों के लिए पूरा सहयोग किया जा रहा है। इससे पहले भी आरती राष्ट्रीय और राज्य स्तर पर पदक जीत चुकी है। आरती ने 2019 में गुजरात में हुई नेशनल हैंडबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक, 2019 में सिरसा में हुई राज्य स्तरीय स्कूली प्रतियोगिता में रजत पदक, 2021 में हिसार में हुई राज्य स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल किया था। इसके अलावा खानपुर से ही खिलाड़ी सविता गोलकीपर, सीनू और काजल कांगथली ने भी सीनियर नेशनल लखनऊ में कांस्य पदक जीता है।