जिले में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन
डंपिंग यार्ड हटाने की मांग को लेकर किसानों ने खुराना रोड पर दिया धरना
नर्सों ने जिला अस्पताल में की नारेबाजी तो बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर दिया धरना
किसानों ने की डीसी से मुलाकात, कहा-जब तक हमारी नहीं सुनीं जाती, तब तक जारी रहेगा धरना
फोटो संख्या-29 व 30
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सरकार को लेकर लोगों में बढ़ते जा रहे रोष के बीच वीरवार को तीन जगह सरकार के खिलाफ प्रदर्शन हुआ। डंपिंग यार्ड हटाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे किसानों ने जहां तीसरे दिन भी धरना जारी रखा। वहीं डीसी से मिलकर डंपिंग यार्ड हटाने की मांग की। नर्सिंग स्टाफ ने सामान्य अस्पताल में तो बहुद्देश्यीय कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
धरना देकर डीसी से मिले किसान, डीसी ने कहा -मैं शुक्रवार को करूंगा डंपिंग यार्ड का दौरा
गांव खुराना सहित कई गांवों के किसानों द्वारा डंपिंग यार्ड की जगह बदलने की मांग को लेकर किसानों का धरना वीरवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। धरने में किसान सुखपाल मोस्टरा, सतपाल दिल्लोंवाली, राम सिंह खुराना, देशराज, नंबरदार ईश्वर खुराना सहित कई किसानों ने भाग लिया। किसानों ने कहा कि जब तीन माह पहले प्रशासन ने लिखित में आश्वासन दिया था कि वे डंपिंग यार्ड को यहां से हटाने की कार्रवाई शुरू कर देंगे। तीन माह पूरे होने के बावजूद न तो नगर परिषद अधिकारियों ने कोई कदम उठाया और न ही प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई भी कदम आगे बढ़ाया। किसानों ने यहां तीन माह इंतजार करने के बाद फिर से धरना शुरू किया है। सांय के समय किसान डीसी से मिले। लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी को बताया कि इस डंपिंग यार्ड की वजह से किसानों का जीना दूभर हो गया है। यहां आस-पड़ोस में इतनी मक्खियां व बदबू का वातावरण बना रहता है, जिससे बीमारियां फैल रही हैं। धान के सीजन में इस डंपिंग यार्ड के कारण आग से भारी नुकसान हुआ था।
डीसी ने किसानों की समस्या सुनने के बाद जब आश्वासन देना चाहा कि इस समस्या का समाधान करवा देंगे, एक-दो दिन में वे दौरा करेंगे। तब तक यहां दवा आदि का छिड़काव करवा दिया जाएगा। इस पर किसानों ने कहा कि फिर आपके दौरे का कोई फायदा नहीं होगा, पहले ही दौरा कीजिए। इसके बाद डीसी ने कहा कि वे शुक्रवार को ही डंपिंग यार्ड का दौरा करेंगे। जो भी आवश्यक कदम होगा, उठाया जाएगा।
तीन दिन से नहीं डालने दिया जा रहा कचरा : किसानों द्वारा शहर में से एकत्रित किए गए कचरे को यहां तीन दिन से नहीं डालने दिया जा रहा। जिस कारण शहर में से कचरा उठान के बाद नगर परिषद अधिकारियों के लिए इसे डंप करने की समस्या खड़ी हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि इधर-उधर करके कचरा डाला जा रहा है। लेकिन ज्यादा दिनों तक शहर में यहां-वहां कचरा नहीं डाला जा सकेगा। इसका स्थायी समाधान जरूरी है।
डीसी धर्मबीर सिंह ने कहा कि किसानों ने मांग रखी है। लेकिन एकदम से कचरा कहां डाला जाए। यह भी बड़ी समस्या है। इस संबंध में जो भी नियमानुसार कार्रवाई होगी, वही की जाएगी। शुक्रवार को मैं भी वहां का दौरा करुंगा।
मांगों की अनदेखी से किया रोष प्रकट
फोटो नंबर-21
कैथल। पिछले तीन माह पहले आला अधिकारियों से मिलने के बाद भी स्टाफ नर्सिंग की मांगे लंबित पड़ी हैं। जिसके विरोध में दो दिनों से नर्सिंग स्टाफ दो घंटे जिला अस्पताल में गेट मीटिंग कर सरकार के खिलाफ रोष प्रकट कर रहा है।
वीरवार को जिला अस्पताल में हरियाणा नर्सिंग एसोसिएशन के बैनर तले स्टाफ नर्सों ने सुबह आठ बजे से दस बजे तक दो घंटे हरियाणा सरकार मुरदाबाद के नारे लगा सरकार को कोसा। एसोसिएशन जिला प्रधान अनिता रानी ने बताया कि पिछले कई महीनों से सरकार द्वारा मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। पिछली सरकारों के समक्ष भी अपनी मांगों को रख चूके हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उन्होंने बताया कि मौजूदा सरकार के साथ भी मांगों को लेकर जिक्र कर चुके हैं। लेकिन अभी तक आश्वासन ही मिल रहे हैं। आगामी रणनीति बनाते हुए उन्होंने बताया कि अगर सरकार हमारी मांगों पर खरा नहीं उतरती तो मजबूरन एक बड़े आंदोलन के साथ सड़कों पर उतरना पड़ेगा।
स्टाफ नर्सों के दो दिनों से दो-दो घंटेे के रोष प्रदर्शन की वजह से काफी काम प्रभावित हुआ। अस्पताल में अलग-अलग वार्डों में कार्यरत नर्स अपने निर्धारित समय पर नहीं आ सकी। जिससे दाखिल मरीजों की समयानुसार जांच नहीं हो सकी। वहीं ब्लड बैंक में खून देने पहुंचे लोगों ने बताया कि वे सुबह आठ बजे से बैठे है। यहां दो में नर्सें आयी है।
ये है मुख्य मांगें : नर्सिंग स्टाफ ने मांग करते हुए कहा कि 4600 रुपये ग्रेड पे, 7200 सर्विस क्लाउंस, 1800 वॉशिंग रिस्क के हिसाब से वेतनमान दिया जाए। इस अवसर पर नर्सिंग एसोसिएशन की जिला प्रधान अनिता रानी, उपप्रधान सुदेश राऱ्नी, सचिव मंजू रानी, नीतिन, पूनम आदि मौजूद रहे।
बहुद्देश्यीय कर्मचारियों अनिश्चितकालीन धरना जारी
फोटो नंबर-16
कैथल। बहुद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर अपनी मांगों को लेकर बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों का 11वें दिन भी अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी रहा। अध्यक्षता कांता देवी ने की मंच संचालन श्रवण करोड़ा ने किया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिला प्रधान जोगिंद्र सिंह ने बताया कि सरकार जायज मांगों की अनदेखी कर रही है, जिसको लेकर कर्मचारियों में काफी रोष है। उन्होंने बताया कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती तक हमारा आंदोलन तब तक जारी रहेगा।
हड़ताल के चलते स्वास्थ्य सेवाएं भी बाधित-प्रेस सचिव श्रवण करोड़ा ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों चलते जिले की सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूर्ण रूप से बंद हैं। जिनमें टीकाकरण, परिवार नियोजन , टी बी के मारीजों का इलाज, डेंगू, मलेरिया, गर्भवती महिलाओं की जांच आदि कार्य पूर्ण रूप से प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार जल्द से मांगों को पूरा करे ताकि मरीजों को किसी प्रकार की समस्या न हो। इस अवसर पर सुषमा राणा, बसंती देवी, जगजीत कौर, सुषमा पूंडरी, देवी रानी कलायत, सुमित्रा व अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।