कैथल। नागरिक अस्पताल के बाहर एक ढाबे में मंगलवार रात्रि करीब साढ़े आठ बजे आग लग गई। ढाबा संचालक ने इसमें लगभग 50 हजार रुपये के नुकसान का दावा करते हुए तीन युवकों पर रंजिशन आग लगाने का आरोप लगाया है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है।
ढाबा संचालक के भाई विक्रम ने बताया कि उसका भाई अस्पताल के सामने ढाबा चलाता है। दिन में रंजिशन तीन युवकों ने उसके भाई को धमकी दी थी। कहा था कि वे यहां काम नहीं करने देंगे। इसके बाद रात में ढाबे में आग लग गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। साथ ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल की गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग में ढाबे का करीब 50 हजार रुपये का सामान जल गया है। उसने आरोप लगाया कि यह आग धमकी देने वाले तीन युवकों ने लगाई है।