दो अलग-अलग मामलों में शातिर ठगों ने लॉटरी और नौकरी लगवाने के नाम पर 46 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है।
पहले मामले में पूंडरी क्षेत्र में डी ग्रुप में नौकरी लगवाने का झांसा देकर महिला सहित दो लोगों से 42 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने पूंडरी थाना में आरोपी पिलनी निवासी सचिन व ममता के खिलाफ केस दर्ज किया है। पूंडरी थाना में दी शिकायत में गांव पिलनी निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि गांव के ही आरोपी सचिन से सितंबर 2018 के पहले सप्ताह में वह मिला था। आरोपी ने बताया था कि उसकी राजनीति में अच्छी जान पहचान है। वह सरकारी नौकरी दिलवा सकता है। उसने उसे लैब अटेंडेंट लगवाने के लिए 15 लाख रुपये की राशि की मांग की। इसी दौरान उसकी बहन सुमन का हरियाणा ग्रुप डी-का पेपर 17 नंवबर 2018 का था व उसके दोस्त संजय निवासी कैथल के साले का लड़का सांच निवासी अजय कुमार का भी ग्रुप डी पेपर 19 नंवबर 2018 को होना था। आरोपी सचिन व ममता ने दोनों को ग्रुप-डी में लगवाने के लिए 14 लाख रुपये मांगे। जो उनकी 13 लाख 50 हजार रुपये में प्रति परीक्षार्थी बात तय हो गई। आरोपी सचिन व ममता ने कहा कि दोनों ग्रुप डी के पेपर के लिए पैसे तैयार रखो। 19 नवंबर 2018 को दोनों आरोपी उसके घर पर आए और 42 लाख रुपये की राशि नौकरी लगवाने के नाम पर ले गए। इस दौरान उनके मकान पर कैथल निवासी चतुर्भुज मौके पर मौजूद थीं। आरोपियों ने विश्वास दिलवाया कि तीनों काम बन जाएंगे। लेकिन इन तीनों पदों की जब सूची जारी हुई। उनका नाम परीक्षा उत्तीर्ण में नहीं आया। बार- बार कहने के बाद आरोपियों ने राशि देने से मना कर दिया और जान से मारने की धमकियां दी जा रही है। एसएचओ कुलबीर कौर ने बताया कि पूंडरी थाना में परीक्षा पास करवाने का झांसा देने वाले आरोपी पिलनी निवासी सचिन व ममता के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में पुलिस को दी पहली शिकायत में फरल निवासी मनप्रीत कौर ने बताया कि उसके पति के नंबर पर 17 नवंबर 2021 को फोन आया कि आपकी 25 लाख रुपये की लॉटरी निकली हुई है। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि जितने पैसे आपके निकले हैं। पहले बैंक में डालने होंगे। उसके बाद आपके खाते में पैसे आ जाएंगे। आरोपियों ने गूगल पे के माध्यम से 30 हजार, 35 हजार, 10 हजार, 20 हजार, एक लाख 78 हजार, 55 हजार, 75 हजार व 47 हजार रुपये अलग- अलग गूगल पे नंबरों पर डलवा लिए। आरोपियों ने इस प्रकार से उनके साथ चार लाख 50 हजार रुपये की ठगी की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।