कलायत में एक ही दिन में चार दुकानों में हुई चोरी के मामले में काबू किए गए आरोपी ने तीन दिन के रिमांड के दौरान चोरी की 17 वारदातों के राज उगले हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है। उसके कब्जे से एक कार सहित लाखों रुपये का सामान बरामद किया है। आरोपी की पहचान जिला फतेहाबाद के धारसूल निवासी 22 वर्षीय प्रदीप उर्फ दीपक के रूप में हुई थी।
सोमवार को डीएसपी सज्जन सिंह ने प्रेस वार्ता करते हुए बताया कि कस्बा कलायत से दिन के समय एक दुकान से लगभग तीन लाख रुपये के 32 मोबाइल फोन आरोपी चोरी कर ले गया था। एक साथ चार दुकानों में सेंध लगाई थी। इस मामले में कलायत निवासी विशू की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया था। दुकानदार ने शिकायत में बताया था कि 17 जून को दोपहर के समय उसकी दुकान के शीशे का ताला तोड़ कर चोर दुकान में रखे 32 मोबाइल फोन अलग -अलग कंपनियों के चोरी कर ले गए थे।
इस मामले में गत 24 जून को आरोपी प्रदीप को काबू कर न्यायालय में पेश करके मामले की तह तक जाने के साथ साथ व्यापक पूछताछ व रिकवरी के लिए तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया था। रिमांड के दौरान आरोपी ने चोरी के बारे सनसनीखेज खुलासे किए। गहन पूछताछ दौरान आरोपी ने जिला हिसार, फतेहाबाद तथा कैथल में चोरी की 17 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। आरोपी के कब्जे से एक चोरी शुदा ऑल्टो गाड़ी, कैमरा सहित 32 मोबाइल, 13 आईफोन, छह सैमसंग, चार वीवो, दो वन प्लस, दो ओपो, दो रेडमी, दो रियलमी तथा एक नारजो कंपनी का बरामद किया गया है। ऑल्टो गाड़ी आरोपी ने मूनक जिला संगरूर पंजाब से चोरी करनी कबूल की। जिसकी जांच की जा रही है। डीएसपी ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने बाद सोमवार को आरोपी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।