कैथल। पार्ट टाइम नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 1.16 लाख की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में सिसला निवासी बलविंद्र ने कहा है कि 27 जनवरी को मोबाइल पर संदेश आया कि अमेजन में पार्ट टाइम नौकरी करके आप 3000 से 7000 हजार रुपये प्रतिदिन कमा सकते हैं। संपर्क करने के लिए नीचे लिंक दिया था। उसमें एक मोबाइल नंबर लिखा था। लिंक पर क्लिक किया तो मोबाइल में एप्लीकेशन डाउनलोड हो गया।
इसके बाद एप्लिकेशन पर क्लिक किया तो फोन में डाइमंड मॉल नाम से एक एप्लीकेशन डाउनलोड हो गया। एप्लीकेशन को उसके फोन में इंस्टॉल करके मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी डालकर पंजीकरण किया। उसके बाद इस एप्लीकेशन में टास्क आया कि एक हजार रुपये जमा करवाएं। यह धनराशि पेटीएम खाते से ट्रांसफर कर दी। बाद में 20 टास्क पूरे करने का संदेश आया। उसने सभी टास्क पूरे किए तो कुछ देर बाद उसके पेटीएम खाता में 1384 रुपये जमा हो गए। फिर दोबारा से पांच हजार रुपये डालने का संदेश आया तो उसने यह राशि भी ट्रांसफर कर दी। उसके बाद बार-बार पैसे जमा करने का संदेश आता रहा। कुछ देर बाद उन्होंने ई कॉर्मस सर्टिफिकेट भी भेजा और यकीन दिलाया गया कि उसके द्वारा लगाए गए रुपये कमीशन सहित वापस आएंगे। काफी दिनों तक पैसे आने का इंतजार किया लेकिन पैसे नहीं आए। बलविंद्र ने बताया कि उससे और उसके भाई के खाते से एक लाख 16 हजार 59 रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।