कैथल। जमीन बेचने के नाम पर दो आरोपियों ने सीणंद गांव निवासी एक व्यक्ति से 40 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। कलायत थाने में दी गई शिकायत में सिणंद गांव निवासी बलदेव सिंह ने बताया कि उसने अपनी पांच एकड़ जमीन बेचकर सजूमा गांव निवासी बलिंद्र से चार एकड़ जमीन लेने का इकरानामा किया था। उसने 20 अगस्त 2021 को 27 लाख रुपये बयाना दिया था और 21 दिसंबर 2021 को 30 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिये बलिंद्र के एचडीएफसी बैंक खाते में भेजा था। उसने बलिंद्र को कुल 57 लाख रुपये दिए थे। इसके बाद 13 दिसंबर को जमीन की रजिस्ट्री करवाने के लिए उसने 40 लाख रुपये और नकद मांगे। उसने कलायत निवासी सोमपाल राणा के मकान पर ये रुपये उसे दे दिए। उसके बाद वे रजिस्ट्री करवाने के लिए तहसील कार्यालय कैथल में पहुंचे तो बलिंद्र ने तहसील में आने के बाद डीलर सुरेश के नहीं आने की बात कहते हुए जमीन की रजिस्ट्री करने से मना कर दिया। जो बयाना के अनुसार 15 दिसंबर को होनी निश्चित थी। फिर उसने 30 दिसंबर को एसपी से शिकायत की। इसके बाद शिकायत कलायत थाने में पहुंच गई। कलायत थाने के प्रबंधक ने सात जनवरी को दोनों पक्षों को मौके पर बुलाया। गांव के कुछ मौजिज लोग भी पहुंचे थे। बलिंद्र व सुरेश ने 40 लाख रुपये पंचायत और पुलिस के सामने कबूल किए थे मगर बाद में दोनों ने उसको पैसे वापस देने से मना कर दिया। पुलिस ने बलिंद्र और डीलर सुरेश के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।