सफीदों। पुलिस ने मलिकपुर गांव से दो किलो 235 ग्राम अफीम के साथ एक युवक को काबू किया है। पुलिस ने पीएसआई अंकुश की शिकायत पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि मलिकपुर गांव निवासी प्रभदीप व जगमोहन उर्फ जग्गा अफीम बेचने का धंधा करते हैं। दोनों युवक अफीम लेने गए हुए हैं और जल्द ही आने वाले हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो थोड़ी देर के बाद दो युवक पैदल गली में आते हुए दिखाई दिए। पुलिस को सामने देखकर दोनों युवक अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने मशक्कत कर एक युवक को काबू कर लिया, लेकिन दूसरा भाग निकला। पकड़े गए युवक की पहचान मलिकपुर निवासी प्रभदीप व भागने वाले युवक की पहचान जगमोहन उर्फ जग्गा के रूप में हुई है। पुलिस ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के सिटी एसडीओ विक्रम सिंह की मौजूदगी में पकड़े गए युवक प्रभदीप के बैग की तलाशी ली तो उसमें सफेद पॉलीथिन के अंदर दो किलो 235 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने पीएसआई अंकुश की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।