हरियाणा के जींद में भाई व भाभी समेत 12 लोगों के खिलाफ नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और धमकी देने का झूठा केस दर्ज कराने वाली महिला को महिला थाना पुलिस ने सोमवार को एससी-एसटी एक्ट मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसको अदालत के आदेश पर जिला जेल भेज दिया गया।
सफीदों के वार्ड नंबर 10 निवासी सुनील गहलावत ने एसपी कार्यालय में दी शिकायत में बताया था कि छह सितंबर 2020 को आरोपी युवती रेखा धीमान, उसके भाई संदीप उर्फ सैंडी और पिता जिले सिंह ने षड्यंत्र रचकर उसके और अन्य लोगों के खिलाफ महिला थाना में केस दर्ज करवाया था। उस मामले में एसपी जींद ने एसआईटी टीम का गठन करके इसकी जांच एएसपी अजीत सिंह शेखावत, डीएसपी सफीदों से कराई थी।
जांच में सभी आरोप झूठे पाए गए। इसके बाद केस रद्द कर दिया गया था। फिर आरोपी रेखा धीमान के खिलाफ महिला थाना ने 182 के तहत रिपोर्ट दर्ज की थी। इन तीनों और इनके अन्य साथियों ने उसे एक षड्यंत्र के तहत उसे फंसाया था। इसकी वजह से उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान होना पड़ा।
डीएसपी हेडक्वार्टर जींद जितेंद्र सिंह ने बताया कि झूठा केस दर्ज कराने पर दर्ज हुए एससी-एसटी एक्ट के मामले में पुलिस ने आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया। पुलिस आरोपी युवती के भाई संदीप उर्फ सैंडी और उसके पिता जिले सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई कर रही है। जल्द ही दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।