सब्जी मंडी स्थित एक होटल का कर्मचारी सोमवार की रात खाना खाकर कमरे में सोने गया और सुबह उसका शव सीढ़ियों के पास पड़ा मिला। उसकी मौत किन कारणों से हुई है। इसकी पुष्टि के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतक गौरशंकर (34) उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के छेदीपुर गांव का निवासी था। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी गई है।
शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में रेक्सन होटल के संचालक जतिन ने बताया कि गौरीशंकर पिछले आठ वर्ष से होटल में सफाई का काम करता था। वह उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के छेदीपुर गांव का रहने वाला था। उसके गांव के कई लोग उसके होटल में काम करते हैं। उन्हाेंने बताया कि सोमवार रात 12:30 बजे वह खाना खाकर कमरे में सोने के लिए चला गया। मंगलवार सुबह वह काम पर नहीं आया तो उसकी तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं लग सका। उन्हाेंने बताया कि जब गौरीशंकर के मोबाइल पर कॉल की तो सीढ़ियों के पास उसकी मोबाइल की घंटी बजती सुनाई दी। जिसके बाद सीढ़ियों के पास जाकर देखा तो मृत मिला। वहीं इस संबंध में शहर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के निशान नहीं हैं। गौरीशंकर की मौत किन कारणों से हुई है। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही हो पाएगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
झज्जर के रामरत्न का था दालमवाला होटल के पास मिला शव
सोमवार दोपहर बाद दालमवाला होटल के पास मिले शव की सिविल लाइन थाना पुलिस ने पहचान कर ली है। मृतक की पहचान झज्जर जिले के मातनहेल निवासी रामरत्न के रुप में हुई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी हरिओम ने बताया कि रामरत्न सोमवार को ही गांव से किसी काम के लिए जींद आया था, हालांकि शहर की भटनागर कालोनी में उसका भाई रामफल भी रहता है, लेकिन रामरत्न उसके पास नहीं पहुंचा। रामरत्न के भाई रामफल के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। रामरत्न की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।