जींद-रोहतक मार्ग पर जलमग्र सड़क को पार करते वाहन चालक। संवाद
- फोटो : Jind
जुलाना। जींद-रोहतक मार्ग पर ब्राह्मणवास गांव के पास सड़क पर जलभराव होने के कारण वाहन चालकों को परेशान होना पड़ रहा है। छोटे वाहन चालकों को तो रूट डायवर्ट करके ही निकलना पड़ता है, लेकिन भारी वाहन चालक निकल जाते हैं। छोटे वाहन का चालक या कार चालक सड़क को पार करने की कोशिश करता है तो उसे परेशानियों से होकर गुजरना पड़ता है। प्रशासन का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
जुलाना में पिछले दिनों बारिश से खेतों में जलभराव हो गया था। अब बुढ़ाखेड़ा के लोगों ने खेतों से पानी निकलाने के लिए पानी का बहाव गांव ब्राह्मणवास की तरह कर दिया था। इसके बाद यह पानी अब साइफन से होते हुए जींद-रोहतक नेशनल हाईवे पर आ गया है। इस हाईवे पर पानी का बहाव इतना है कि हाईवे अब तालाब जैसा नजर आता है। यहां से गुजरने वाले लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। इस पानी ने अब ब्राह्मणवास गांव के खेतों को भी जलमग्न कर दिया है। ब्राह्मणवास के खेतों में धान, कपास व बाजरे की फसलें खड़ी हैं। यदि पानी इसी प्रकार आता रहा तो ब्राह्मणवास में गेहूं की बिजाई नहीं हो पाएगी। इस पानी के कारण ब्राह्मणवास के लोगों में भी गुस्सा है।
सिंचाई विभाग जुलाना के एसडीओ अनिल कादयान ने बताया कि मौके पर जाकर पानी का मुआयना किया गया है। जल्द ही पंपसेट लगाकर पानी निकासी का प्रबंध किया जाएगा। जींद-रोहतक मार्ग पर हो रही परेशानी से वाहन चालकों को निजात दिलाई जाएगी।