जिला ड्रग कंट्रोलर ने मंगलवार शाम को भिवानी रोड बाईपास पर स्थित एक केमिस्ट की दुकान पर छापा मारकर 37 प्रकार की दवाइयों को कब्जे में लिया है। दुकान संचालक का लाइसेंस रद्द हो चुका था। जिला ड्रग कंट्रोलर ने स्वास्थ्य विभाग को केमिस्ट के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की है।
जिला ड्रग कंट्रोलर विजय राजी राठी को शिकायत मिली थी कि भिवानी रोड बाईपास पर बिना लाइसेंस के केमिस्ट की दुकान चलाई जा रही है। इसके आधार पर उन्होंने टीम के साथ कार्रवाई की। दुकान संचालक से लाइसेंस व अन्य कागजात मांगे गए तो वह दिखाने में नाकाम रहा। जो दस्तावेज उसने प्रस्तुत किए उसमें लाइसेंस रद्द पाया गया। इसके आधार पर टीम ने दुकान में रखी 37 प्रकार की दवाइयों को बिना लाइसेंस के भंडारण करने पर कब्जे में ले लिया। दुकान संचालक सुरेश के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश जिला ड्रग कंट्रोलर द्वारा की गई है।
जिला ड्रग कंट्रोलर विजय राजी राठी ने बताया कि सूचना के आधार पर केमिस्ट दुकान पर कार्रवाई की गई थी। दुकान संचालक के पास लाइसेंस वैद्य नहीं पाया गया, जिस पर वहां रखी 37 प्रकार की दवाइयों को कब्जे में ले लिया गया है और संचालक के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश की गई है। उन्होंने कहा कि विभाग पूरी तरह से इस तरह बिना लाइसेंस के दवाइयां बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करेगा।