बधाना गांव में जलघर को ताला लगाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : Jind
जींद। बधाना गांव के जलघर में रखी मोटर करीब सात दिनों से खराब होने के कारण पीने के पानी की किल्लत से परेशान गांव के लोगों ने सोमवार को जलघर पर ताला जड़ दिया। ताला जड़ने की सूचना मिलते जन स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर बिल्लू तथा राकेश मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रमीण जन स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की जिद्द पर अड़े रहे। ग्रामीणों के विरोध के बाद सुपवाइजर ने जन स्वास्थ्य विभाग जींद के एसडीओ सतीश कुमार से मोबाइल फ ोन पर बात कराने के बाद एसडीओ द्वारा जल्द समस्या का समाधान कराने के आश्वासन के लगभग एक घंटे बाद ग्रामीण जलघर पर लगाया ताला खोलने पर सहमत हुए। ग्रामीणों ने विभाग को चेताते हुए कहा कि अगर मंगलवार तक गांव के लोगों को पीने के पानी की सप्लाई नहीं मिली तो गांव के लोग कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीण रामकरण, कुलवंत, राजेश, विकास, शमशेर आदि ने बताया कि जलघर से मिलने वाली सप्लाई जलघर में लगे किसी न किसी उपकरण के खराब होने चलते बार-बार बाधित हो रही है। करीब सात दिनों से जलघर में लगी मोटर की वैल्डिंग टूट गई है। जिससे पीने के पानी की सप्लाई के लिए पानी ऊपर टंकी में जमा नहीं हो पाता है। इसके लिए विभाग के सुपरवाइजर से अनेक बार बात की, लेकिन उनके द्वारा समस्या की तरफ ध्यान नहीं दिया जाता है। कर्मचारी पीने के पानी की किल्लत का ठीकरा एक दूसरे के सिर फोड़ रहे हैं। कर्मचारियों की आपसी खींचतान के चलते ग्रामीणों को करीब सात दिनों से पीने के पानी लाले पड़े हुए हैं। अधिकारियों को भी सब पता होने के बाद भी उनके द्वारा कोई कठोर कदम नहंी उठाया जा रहा है।
उन्होंने बताय कि महिलाएं पीने के पानी लाने के लिए दर-दर भटकने का मजबूर है। इसके साथ ही कई बार मोटर की वैल्डिंग टूटने की शिकायत विभाग के उच्च अधिकारियों से कर चुके हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा हर बार मोटर की टूटी वैल्डिंग जल्द ठीक कराने का आश्वासन देकर टरका दिया जाता है। ग्रामीणों ने बार- बार जलघर में पीने के पानी को लेकर आ रही समस्या को दूर करने की मांग उठाई।